जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत राज्य बजट को “समावेशी और भविष्यदर्शी” बताते हुए पत्थलगांव की विधायक व सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने कहा कि यह बजट गरीब, मध्यम वर्ग, महिला और युवाओं सहित सभी वर्गों के हितों को केंद्र में रखता है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में ठोस कदम है।
जिला भाजपा कार्यालय राधाकांत भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में जशपुर की विधायक रायमुनि भगत तथा पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय भी उपस्थित रहे।
सरगुजा–बस्तर को विकास की मुख्यधारा में लाने पर जोर
गोमती साय ने कहा कि साय सरकार की प्राथमिकता सरगुजा और बस्तर अंचल को विकास की मुख्यधारा में लाना है, जिसकी स्पष्ट झलक बजट में दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि सरगुजा विकास प्राधिकरण का बजट 50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 70 करोड़ रुपये किया गया है, जिससे संभाग में आधारभूत संरचना के विकास को गति मिलेगी।
औद्योगिक प्रगति के लिए 200 करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक पार्क की स्थापना का प्रावधान “गेम चेंजर” साबित होगा। इससे क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
जशपुर को मेडिकल कॉलेज सेटअप, खेल सुविधाओं का विस्तार
जशपुर में मेडिकल कॉलेज शुरू करने के लिए सेटअप स्वीकृत किए जाने को उन्होंने आदिवासी बहुल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा से ग्रामीण अंचल के लोगों को आवागमन में राहत मिली है। खेलों को बढ़ावा देने हेतु जशपुर में आर्चरी सेंटर की सौगात भी दी गई है।
“ढाई साल में जमीन पर दिखने लगा विकास”
विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं, जिनका प्रभाव अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने बजट को “समावेशी” बताते हुए कहा कि इसमें राज्य के चहुंमुखी विकास की स्पष्ट कार्ययोजना रखी गई है।
युवाओं को ध्यान में रखते हुए बजट में एआई और स्टार्टअप को प्राथमिकता दी गई है, जिससे तकनीकी कौशल का विकास होगा और युवा वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकेंगे।
पत्रकार वार्ता में संतोष सिंह, फैजान सरवर खान, शरद चौरसिया, मुकेश सोनी, शारदा प्रधान और वेदप्रकाश भगत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—
अधूरा राष्ट्रीय राजमार्ग जल्द होगा पूरा
पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर में गोमती साय ने बताया कि कटनी–गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग का पत्थलगांव से कुनकुरी के बीच लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने संशोधित टेंडर जारी कर दिया है, जो 10 मार्च को खुलेगा। तत्पश्चात कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
“भ्रष्टाचार पर सख्ती, शिकायत पर होगी जांच”
स्वामी आत्मानंद स्कूल भर्ती एवं एलईडी टीवी खरीदी में कथित अनियमितताओं को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर जांच कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




















