जशपुरनगर, 05 अप्रैल 2026। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गीतारी पानी में अंधविश्वास के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जादू-टोना के शक में एक 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका फूलमइत बाई (71 वर्ष) अपने प्रधानमंत्री आवास में अकेली रहती थीं। उनके पति और बच्चों की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और वे लकवा से पीड़ित थीं, जिससे वे ठीक से चल-फिर भी नहीं पाती थीं। उनके भोजन और देखरेख की जिम्मेदारी गांव में रहने वाले रिश्तेदार निभाते थे।
घटना 04 अप्रैल की सुबह सामने आई, जब परिजनों द्वारा खाना देने पहुंचने पर महिला अपने घर में मृत अवस्था में मिलीं। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए और पास में एक लकड़ी का डंडा भी मिला, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।
ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि गांव के ही निवासी छदनु राम (30 वर्ष) को अपने परिवार के बार-बार बीमार होने पर बुजुर्ग महिला पर जादू-टोना करने का शक था। इसी अंधविश्वास के चलते उसने 03 अप्रैल की रात करीब 9 बजे महिला के घर पहुंचकर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी।
मामले की सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गंभीर चोटों के चलते हत्या होना पुष्टि हुआ है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक बैजन्ती किंडो, नरेंद्र मिंज, आरक्षक मुकेश पांडे एवं नगर सैनिक बलिराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह घटना एक बार फिर समाज में व्याप्त अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को उजागर करती है, जो आज भी निर्दोष लोगों की जान ले रही है।




















