जशपुर, 30 मार्च 2026। जिले के सन्ना वन परिक्षेत्र अंतर्गत वन भूमि में अवैध बोरवेल खनन की सूचना मिलने पर वन विभाग ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए मौके से दो वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी श्री शशि कुमार के निर्देशन में की गई।
ग्रामीणों द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना मिलने के बाद वन परिक्षेत्र सन्ना, तोरा, कामारिमा, चलनी, धनगुरी एवं बगीचा क्षेत्र के वन अमले की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कक्ष क्रमांक पी 303 में पंचों एवं गवाहों की उपस्थिति में स्थल निरीक्षण किया गया, जहां पाया गया कि वन भूमि के भीतर अवैध रूप से बोरवेल खनन किया जा रहा था, जिससे वन क्षेत्र और जैव विविधता को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका थी।
वन अमले ने मौके पर ही खनन कार्य को रुकवाते हुए संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की। जांच में वाहन चालक सल्लू राम (ग्राम मनोहरपुर) एवं गोधन कोमा (ग्राम नर्राटोला, जिला बालौद) ने बताया कि यह कार्य ग्राम दातुनपानी निवासी राजेश यादव के निर्देश पर किया जा रहा था। वहीं जब्त वाहनों के मालिक रमेश जायसवाल (निवासी बिलाईगढ़, जिला बलौदाबाजार) बताए गए हैं।

वन विभाग ने इस अवैध गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए ट्रक क्रमांक CG22 AF 7660 एवं CG22 AF 7659 को जब्त कर वन अपराध के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त वाहनों को वन आवासीय परिसर सन्ना में सुरक्षित रखा गया है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन, बोरवेल खनन या अन्य गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित हैं। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।




















