जशपुर : एनडीपीएस मामलों में चूक नहीं चलेगी… विवेचकों को सिखाई गईं कानूनी बारीकियां

जशपुर, 08 फरवरी 2026/ नशीले पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में विवेचना को विधिसम्मत एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की जांच की सूक्ष्म कानूनी प्रक्रियाओं, साक्ष्य संकलन तथा न्यायिक दृष्टिकोण से आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यशाला में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश जशपुर श्री शैलेन्द्र पटवर्धन, डिप्टी डायरेक्टर (अभियोजन) श्री सुरेश कुमार साहू, सहायक निदेशक अभियोजन श्री विपिन्न कुमार एवं सहायक जिला अभियोजन अधिकारी श्री विवेक शर्मा द्वारा एनडीपीएस प्रकरणों की विवेचना के दौरान अपनाई जाने वाली विधिक प्रक्रियाओं, जप्ती, सैंपलिंग, दस्तावेजी साक्ष्यों तथा अभियोजन की मजबूती से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया गया।

इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री डॉ. लाल उमेद सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं विवेचकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे के सौदागरों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई में विवेचना की गुणवत्ता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने एनडीपीएस प्रकरणों में जांच के दौरान अभियोजन विभाग से सतत समन्वय एवं विधिक सलाह लेने के निर्देश दिए, ताकि मामलों को माननीय न्यायालय में मजबूती से प्रस्तुत कर दोषियों को कठोर दंड दिलाया जा सके।

अतिरिक्त जिला न्यायाधीश श्री शैलेन्द्र पटवर्धन ने एनडीपीएस मामलों में सूक्ष्म साक्ष्यों के महत्व, विवेचना के दौरान प्रत्येक तथ्य की स्पष्ट एवं क्रमबद्ध लेखबद्धता तथा दस्तावेजी साक्ष्यों की न्यायिक उपयोगिता पर विशेष जोर दिया।

डिप्टी डायरेक्टर अभियोजन श्री सुरेश कुमार साहू एवं अभियोजन अधिकारियों द्वारा एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 एवं धारा 57 के प्रावधानों के पालन, जप्त मादक पदार्थों की फोरेंसिक जांच, सुरक्षित अभिरक्षा, चेन ऑफ कस्टडी तथा एक से अधिक आरोपियों की स्थिति में लागू धाराओं के संबंध में भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी कुनकुरी श्री विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी जशपुर श्री चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी बगीचा श्री दिलीप कुमार कोसले, डीएसपी अजाक एवं क्राइम श्री भावेश कुमार समरथ सहित समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, एसपी रीडर श्री मुकेश कुमार झा उपस्थित रहे। वहीं वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी विवेचकों ने भी प्रशिक्षण में सहभागिता की।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment