जशपुर: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 48 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज से परिणय सूत्र में बंधे

जशपुर, 9 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जशपुर जिले के वरिष्ठ कम्युनिटी हॉल, जशपुर में जिला स्तरीय सामूहिक कन्या विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के 48 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ परिणय सूत्र में बंधकर दाम्पत्य जीवन में प्रवेश किए।

विवाह उपरांत सभी नवदंपत्तियों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा शासन की योजना के अंतर्गत कन्या के नाम से 35-35 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक एवं उपहार सामग्री प्रदान की गई। समारोह में नवविवाहित जोड़ों के परिजनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़कर सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री ने नवदंपत्तियों के सुखद, समृद्ध एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक सशक्त सहारा है।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि “कन्यादान महादान होता है। विवाह मानव जीवन के सोलह संस्कारों में से एक अत्यंत महत्वपूर्ण संस्कार है। आज यहां एक-दो नहीं, बल्कि 48 जोड़े वैवाहिक जीवन में प्रवेश कर रहे हैं, जो सामाजिक सौहार्द और समरसता का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि बेटियाँ अपने संस्कारों से दोनों कुलों को संवारती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि का संचार करती हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी श्री अजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत जिले में कुल 48 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें एक दिव्यांग जोड़ा भी शामिल है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की सहायता राशि, उपहार सामग्री एवं विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतीकात्मक रूप से दो नवविवाहित जोड़ों को चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर आशीर्वाद दिया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्न निर्माण कर्मकार मंडल अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभुनाथ चक्रवती, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, एसडीएम श्रीमती प्रियारानी गुप्ता, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment