रायगढ़, 05 मार्च 2026। औद्योगिक क्षेत्र तमनार में हाईवा चालकों से लूट और डीजल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में 170 लीटर डीजल, नगदी और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में 2 मार्च की रात हाईवा चालक मुकेश यादव अपने वाहन में सो रहा था। तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच उसे आहट सुनाई दी। नीचे उतरने पर तीन युवक उसके वाहन से डीजल निकालते मिले। विरोध करने पर आरोपियों ने चालक से मारपीट कर 500 रुपये लूट लिए और अन्य खड़े हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी कर लिया। इसके बाद वे सफेद रंग की स्कॉर्पियो से फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना तमनार में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी कर मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश दास मंहत (30 वर्ष), गोविन्द सिदार (24 वर्ष) और सुनील यादव (28 वर्ष), सभी निवासी ग्राम चितवाही थाना तमनार, जिला रायगढ़ शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 13 AZ 2647, लगभग 170 लीटर डीजल, 500 रुपये नगद, लोहे का रॉड, बांस का डंडा और प्लास्टिक पाइप जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 15 हजार 980 रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना तमनार पुलिस की टीम की सक्रिय भूमिका रही।
सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में लूट, चोरी और विशेषकर औद्योगिक क्षेत्रों में डीजल चोरी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।




















