रायगढ़ । जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में होली पर्व को देखते हुए फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस टीम ने बैकुंठपुर क्षेत्र में दबिश देकर फरार आरोपी शंकर बरेठ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में एक स्थानीय नाबालिग बालिका द्वारा 14 नवंबर 2025 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी सहेलियों के साथ प्रतिदिन मॉर्निंग वॉक पर जाती थी। 10 नवंबर को भूतबधन तालाब के पास आरोपी ने उसके साथ छेड़खानी की थी। भय के कारण उसने तत्काल किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में 13 नवंबर को स्कूल से घर लौटते समय आरोपी ने फिर से उसके साथ छेड़खानी की, जिसके बाद पीड़िता ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई और थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 589/2025 के तहत धारा 74, 75(2), 75(3) भारतीय न्याय संहिता तथा 8, 12 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई थी। गिरफ्तारी के डर से आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शंकर बरेठ पिता दिनेश बरेठ (23 वर्ष) निवासी राम मंदिर के पास बैकुंठपुर, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायगढ़ आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली में वर्ष 2024 में मारपीट का एक तथा वर्ष 2025 में मारपीट के दो अन्य मामले भी दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना कोतवाली के प्रधान आरक्षक दिलीप भानु, आरक्षक गोविंद पटेल, कमलेश यादव, भगवती रत्नाकर, हरेंद्र पाल जगत और वीरेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ लगातार जारी रहेगी। किसी भी अपराधी को खुले में घूमने नहीं दिया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”




















