जशपुर, 09 अप्रैल 2026। जिला पंचायत सभा कक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में अध्ययन भ्रमण से लौटे सरपंचों के साथ बैठक एवं एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान सरपंचों से उनके अनुभव एवं सुझाव प्राप्त किए गए, ताकि ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके।
कार्यक्रम में बताया गया कि सरपंचों को जिला दुर्ग, धमतरी एवं ओडिशा के मयूरभंज जिले का अध्ययन भ्रमण कराया गया था। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों के विकास के लिए नवीन योजनाओं, सफल मॉडलों एवं बेहतर प्रशासनिक कार्यप्रणालियों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यशाला में स्वच्छता, जल प्रबंधन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ संचालन, डिजिटल पंचायत, ई-गवर्नेंस और पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही सरपंचों में नेतृत्व क्षमता एवं प्रबंधन कौशल के विकास पर विशेष जोर दिया गया, ताकि वे अपने गांवों में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था लागू कर सकें।
इस दौरान भ्रमण कर चुके ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं सचिवों से उनके क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी लिखित रूप में प्राप्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन अनुभवों के आधार पर समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे ग्राम विकास कार्यों को अधिक प्रभावी एवं तेज गति मिल सके।
अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यदि सरपंच अन्य जिलों के सफल मॉडलों को अपने-अपने गांवों में सही ढंग से लागू करते हैं, तो ग्रामीण क्षेत्रों में उल्लेखनीय परिवर्तन संभव है और विकास की नई दिशा स्थापित की जा सकती है।




















