जशपुर। सन्ना थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह घटना सन्ना बस स्टैंड से डूमर कोना/छिछली रोड की ओर, खूंटा टांगर स्थित शंभू प्रसाद के घर के पास घटित हुई। डूमर कोना की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार परिवार सन्ना से अपने घर सूखा पोखर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बाइक में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे सवार थे। दुर्घटना में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का प्राथमिक उपचार सन्ना स्वास्थ्य केंद्र में जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। दोनों बच्चों को हल्की चोटें और खरोच आई हैं, फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य है।
मृतक की पहचान विजय कुजूर (28) निवासी सोनक्यारी के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ग्राम पंचायत हर्राडीपा के सूखा पोखर गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सन्ना थाना प्रभारी संतोष सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम अस्पताल में मौजूद है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिकअप वाहन के संबंध में फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है, वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




















