कलेक्टर ने सिकल सेल के दो वर्षों के कार्यों की समीक्षा, छूटे मरीजों को चिन्हित कर बेहतर इलाज के दिए निर्देश

जशपुर। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिले में सिकल सेल रोग के क्षेत्र में पिछले दो वर्षों के दौरान किए गए कार्यों और उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए छूटे हुए मरीजों का चिन्हांकन कर उन्हें बेहतर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जिले में संचालित सिकल सेल संबंधी गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कहा कि इस क्षेत्र में अच्छा कार्य हो रहा है और मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के सहयोग से सिकल सेल संगवारी संस्था द्वारा कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में सिकल सेल रोग के क्षेत्र में संस्था के दो वर्षों के कार्यकाल, प्रमुख उपलब्धियों और जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत प्रस्तुति दी गई।

मरीजों के नियमित फॉलोअप और उपचार पर विशेष जोर

बैठक के दौरान जिला स्तर पर पंजीकृत सिकल सेल मरीजों के नियमित मासिक फॉलोअप, उपचार एवं दवा की उपलब्धता, आवश्यक स्वास्थ्य जांच तथा मरीजों और उनके परिवारों में जागरूकता के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की गई। मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं से निरंतर जोड़े रखने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने विशेष रूप से अनट्रैक और फॉलोअप से छूटे मरीजों की पहचान कर उन्हें पुनः स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी मरीजों को चिन्हित कर नियमित उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

शासकीय सुविधाओं से जोड़ने की पहल

बैठक में सिकल सेल मरीजों को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ पात्र मरीजों को दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई।

सिकल सेल मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने, स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा मरीजों के नियमित उपचार एवं फॉलोअप व्यवस्था को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी समय में सिकल सेल रोग के नियंत्रण एवं उन्मूलन की दिशा में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

अधिकारियों और विशेषज्ञों ने बैठक में की सहभागिता

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. व्ही.के. इंदवार, सिकल सेल नोडल अधिकारी डॉ. ममता सिंह एवं सहायक नोडल अधिकारी श्री देवेंद्र कुमार राठौर उपस्थित रहे।

मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. आभा इक्का, डॉ. अमोश किंडो एवं डॉ. शुभम यादव ने भी बैठक में सहभागिता की। यूनिसेफ की ओर से स्टेट हेड डॉ. गजेंद्र सिंह ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

सिकल सेल संगवारी संस्था की ओर से डॉ. योगेश्वर कालकोंडे एवं डॉ. बैद्यनाथ देवनाथ तथा जिला संगवारी टीम से जान्हवी ठाकुर, विक्रम प्रामाणिक एवं रीतू मंडल भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सिकल सेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन और सुझाव दिए तथा मरीजों को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment