जशपुर, 17 अक्टूबर 2026। सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों को लेकर एक शिक्षक द्वारा कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। नवरात्रि के पावन पर्व पर सामने आई इस पोस्ट को लेकर हिंदू समाज में खासी नाराजगी है। मामले में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांसाबेल विकासखंड के बिहाबाल निवासी शिक्षक हेमंत बेदी बगीचा विकासखंड के पूर्व माध्यमिक शाला कुदमुरा में पदस्थ हैं। आरोप है कि शिक्षक हेमंत बेदी ने सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं और ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट साझा की। पोस्ट में इंद्र, ब्रह्मा, विष्णु और चंद्र सहित कई ऋषियों को लेकर विवादित टिप्पणी की गई है। पोस्ट के वायरल होने के बाद जिले में इस मामले को लेकर नाराजगी सामने आई है।

VHP जिलाध्यक्ष ने थाने पहुंचकर की शिकायत
मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह कुनकुरी थाने पहुंचे और संबंधित शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में कथित पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई है। संगठन ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी
विश्व हिंदू परिषद ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
