वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की जांच
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में एक बेजुबान चूहे के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों द्वारा चूहे को रस्सी से बांधकर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। करीब 47 सेकंड के इस वीडियो के सामने आने के बाद जीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। मामले में पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में दिखाई दी बेजुबान के साथ क्रूरता
प्रसारित वीडियो में कुछ युवक एक चूहे को रस्सी से बांधकर लोहे के गेट पर लटकाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद चूहे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी जाती है। आग की लपटों में घिरा चूहा छटपटाने लगता है, जबकि वहां मौजूद युवक घटना का वीडियो बनाते रहते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। जीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आसिफ कुरैशी और शफीक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार सिंह के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बेजुबानों के प्रति क्रूरता पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर बेजुबान जानवरों के प्रति संवेदनशीलता और पशु क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद लोग आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।