जशपुरनगर। एकादशी पर्व एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के पावन अवसर पर जशपुर जिले के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर, दोकड़ा में भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की।
भव्य दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर
संध्या बेला में मंदिर प्रांगण सैकड़ों दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा। दीपों की लौ से सजीव हुई अद्भुत छटा ने श्रद्धालुओं और नगरवासियों को भक्ति और उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने में अपनी सहभागिता निभाई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती कौशल्या साय ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते 11 वर्षों से राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर समर्पण भाव से कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत आज विश्व में नई पहचान बना रहा है। हमें गर्व है कि छत्तीसगढ़ भी विकास और नक्सलमुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। दीप प्रज्वलन का यह पर्व न केवल भक्ति का प्रतीक है, बल्कि यह राष्ट्र की एकता और प्रगति का भी संदेश देता है।श्री जगन्नाथ महाप्रभु की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में गूंजते मंत्रोच्चार और दीपों की दिव्य आभा ने वातावरण को और अधिक पावन बना दिया। श्रद्धालु एवं नगरवासी देर रात तक इस कार्यक्रम का हिस्सा बने रहे।




