जशपुर: शौचालय बनाओ – सम्मान बढ़ाओ पहल , जिले में व्यक्तिगत शौचालय बनाने ग्रामीणों से आवेदन आमंत्रित ,निर्माण के लिए हितग्राही को मिलेगा 12 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि… जानिए प्रक्रिया

जशपुरनगर 9 दिसम्बर 2025/ स्वच्छता को सम्मान का प्रतीक मानते हुए जिला पंचायत जशपुर ने ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण को प्रोत्साहित करने शौचालय बनाओ – सम्मान बढ़ाओ पहल शुरू की है। इसके अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 504 शौचालयों के निर्माण हेतु पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह योजना शौचालय बनाओ, सम्मान बढ़ाओ के सिद्धांत पर आधारित है, जिसका उद्देश्य हर ग्रामीण परिवार को स्वच्छता की सुविधा प्रदान कर खुले में शौच मुक्त वातावरण बनाना है। जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के आठ विकासखंडों में पात्र हितग्राहियों का चयन किया जाएगा। इनमें पत्थलगांव में 224, बगीचा में 31, दुलदुला में 27, कुनकुरी में 65, कांसाबेल में 66, फरसाबहार में 79, जशपुर में 9 और मनोरा में 3 हितग्राही शामिल होंगे।

      इच्छुक ग्रामीण हितग्राही अपने-अपने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड और बैंक पासबुक की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है। जिला पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि शौचालय निर्माण पूर्ण होने पर पात्र हितग्राही को 12 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं, अपने परिवार की गरिमा और स्वास्थ्य के लिए शौचालय का निर्माण करें तथा स्वच्छ और स्वस्थ जशपुर बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment