जशपुर/सन्ना: जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के खैरापाठ में गौवंशों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के दौरान पिकअप में 11 गौवंश सवार थे, जिनमें से 4 गायों की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं, अन्य गौवंशों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर पहुंची सन्ना पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है
बगीचा से सन्ना की ओर जा रही थी पिकअप
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप क्रमांक OD14AJ8270, जो ओडिशा नंबर की है, बगीचा की ओर से सन्ना की तरफ जा रही थी। इसी दौरान खैरापाठ के पास मोड़ पर वाहन अनियंत्रित हो गया और एक पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद चालक ने वाहन को खींचने के लिए ग्रामीणों को ट्रैक्टर लेकर मौके पर बुलाया।

त्रिपाल से ढकी पिकअप की ट्रॉली देखकर ग्रामीणों को हुआ संदेह
बताया जा रहा है कि पिकअप की ट्रॉली को त्रिपाल से ढका गया था। जब ग्रामीण वाहन को खींचने के लिए मौके पर पहुंचे, तब उनकी नजर त्रिपाल से ढकी ट्रॉली पर पड़ी। इसके बाद वाहन में गौवंश होने का मामला सामने आया। पिकअप में कुल 11 गौवंश पाए गए, जिनमें चार गायों की दम घुटने से मौत हो चुकी थी।
सन्ना पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलने के बाद सन्ना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौवंशों को किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
