रायपुर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान पात्र किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए छत्तीसगढ़ शासन ने खसरा मैपिंग और फसल संबंधी अभिलेखों में दर्ज विसंगतियों के निराकरण की पहल की है। राज्य के सभी कलेक्टरों को ऐसे मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संयुक्त रूप से जारी निर्देशों में कहा है कि किसानों की शिकायतों का परीक्षण कर वास्तविक स्थिति के अनुसार रिकॉर्ड दुरुस्त किया जाए। इसका उद्देश्य पात्र किसानों को धान विक्रय से वंचित होने से बचाना और उपार्जन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना है।
📌 यह भी पढ़ें: धान खरीदी में रकबा संबंधी शिकायतों की कलेक्टर खुद करेंगे जांच, त्वरित निराकरण के निर्देश
15 जनवरी 2027 तक पूरी होगी खसरा मैपिंग
निर्देशों के अनुसार जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनकी मैपिंग कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित सहकारी समिति की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टरों को समितियों के माध्यम से ऐसे सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित कराने को कहा गया है। खसरा मैपिंग की समय-सीमा 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है।
📌 यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की रफ्तार: 70,979 किसानों ने बेचा 2.78 लाख मीट्रिक टन धान
दावा-आपत्तियों पर खेतों में जाकर होगा भौतिक सत्यापन
डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) में जिन खसरों में अन्य फसल दर्ज है, लेकिन किसान वास्तविक रूप से धान बोए जाने का दावा कर रहे हैं, उनका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा डीसीएस और पीवी ऐप दोनों में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण या सत्यापन से छूटे खसरों की भी संबंधित तहसीलदार के माध्यम से जांच कराई जाएगी।
सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान किया जाएगा और मौके पर बोई गई फसल तथा उसके वास्तविक क्षेत्रफल की जांच होगी। प्रत्येक संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार किया जाएगा। वास्तविक फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे।
📌 यह भी पढ़ें: घर बैठे टोकन से आसान हुई धान बिक्री, 21 क्विंटल से कम उपज पर भी पात्र किसानों को सहायता
30 नवंबर तक देनी होगी अद्यतन जानकारी
राज्य शासन ने भौतिक सत्यापन के बाद सही और अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। फसल प्रविष्टि और संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए यह जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी।
शासन की इस पहल से खसरा और फसल संबंधी तकनीकी एवं अभिलेखीय विसंगतियों के निराकरण में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे वास्तविक धान उत्पादक पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर उपज बेचने में सहूलियत मिलेगी और खरीदी प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित हो सकेगी।
स्रोत: खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सभी कलेक्टरों को जारी संयुक्त निर्देश।
छत्तीसगढ़ के किसानों, खरीदी केंद्रों और कृषि से जुड़ी हर जरूरी अपडेट के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। राज्य और अपने जिले की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: samvadchhattisgarh.com