बकाया जलकर जमा नहीं करने पर काटे जाएंगे नल कनेक्शन, अवैध नल कनेक्शन वैध नहीं कराया तो होगी कार्रवाईः कलेक्टर श्री रोहित व्यास

जशपुरनगर, 21 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने मंगलवार को कलेक्टरेट सभाकक्ष में नगरपालिका और नगरपंचायत के अधिकारियों की बैठक लेकर नगरीय निकायों में संचालित विकासकार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में संचालित निर्माण कार्यों, राजस्व वसूली, सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई सहित अन्य कार्यों की विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजस्व वसूली पर जोर

कलेक्टर श्री व्यास ने संपत्ति कर, समेकित कर, जलकर, दुकान किराया, यूजर्स चार्ज सहित अन्य मदों में लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं होने पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा बकाया संपत्ति कर जमा नहीं किया गया है, उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।

जलकर बकाया पर सख्ती

कलेक्टर ने जलकर बकाया एवं अवैध नल कनेक्शनों पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो उपभोक्ता बकाया जलकर जमा नहीं करेंगे, उनके नल कनेक्शन काटे जाएंगे। साथ ही जिन लोगों ने अवैध नल कनेक्शन ले रखे हैं, यदि वे एक माह के भीतर नियमों के अनुरूप वैध नहीं कराते हैं, तो उनके नल कनेक्शन काटने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लकड़ी के उपयोग पर कार्रवाई

कलेक्टर ने नगरीय क्षेत्रों में लकड़ी का उपयोग कर भोजन तैयार करने वाले होटल, ढाबा एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि लकड़ी जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है और यह स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक है। उन्होंने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को एलपीजी एवं अन्य स्वच्छ ऊर्जा के विकल्प अपनाने के निर्देश दिए।

सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर

कलेक्टर श्री व्यास ने नगरीय क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने में विशेष ध्यान दें। उन्होंने वॉल पेंटिंग, चौक-चौराहों, पार्कों एवं तालाबों के सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपस्थित

नगरपालिका जशपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित जिले के समस्त नगर पंचायतों एवं नगरपालिकाओं के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment