झारखंड ले जाए जा रहे गौ वंशों को जशपुर पुलिस ने छुड़ाया,ग्राम पोड़ी में तड़के पुलिस की नाकाबंदी, गौ तस्करी करते चार आरोपी धराए….

जशपुर, 22 जनवरी 2026 —
जिले में गौ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। झारखंड से जुड़े गौ तस्करों के एक गिरोह को पकड़ते हुए पुलिस ने 06 नग गौ वंशों को सकुशल मुक्त कराया है। यह कार्रवाई थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम पोड़ी के पास की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 20 जनवरी 2026 की प्रातः लगभग 4:30 बजे थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर के माध्यम से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि दो पिकअप वाहनों में गौ वंशों को भरकर ग्रामीण रास्ते से झारखंड राज्य की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर तत्काल ग्राम पोड़ी के पास नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक JH-09-AS-3683 एवं JH-01-N-1797 को रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों में कुल 06 नग गौ वंश रस्सी से बांधकर अमानवीय ढंग से लोड पाए गए। प्रत्येक पिकअप वाहन में 03-03 गौ वंश भरे हुए थे।



पूछताछ के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक JH-09-AS-3683 में सवार आरोपियों ने अपना नाम साहेब अंसारी उम्र 45 वर्ष एवं रुस्तम अंसारी उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी थाना सिसई, जिला गुमला (झारखंड) बताया। आरोपियों ने बताया कि उक्त गौ वंशों को जिला जशपुर के बगीचा क्षेत्र से खरीदकर झारखंड ले जाया जा रहा था। वहीं दूसरे पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-N-1797 में सवार आरोपियों ने अपना नाम मुकेश कुमार साहू उम्र 35 वर्ष एवं कार्तिक लोहारा उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम भदौली, थाना सिसई, जिला गुमला (झारखंड) बताया। इन आरोपियों ने भी गौ वंशों को कुनकुरी क्षेत्र से खरीदकर सिसई, गुमला ले जाना स्वीकार किया।

पुलिस द्वारा जब आरोपियों से गौ वंशों से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर थाना लोदाम में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दोनों पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया है तथा सभी 06 नग गौ वंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है। बरामद गौ वंशों का पशु चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने एवं अपराध स्वीकार करने पर चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक जगतारण यादव, धर्मेंद्र कुमार एवं मोहन मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। ऑपरेशन शंखनाद के अंतर्गत अब तक सैकड़ों प्रकरणों में बड़ी संख्या में गौ वंशों को मुक्त कराया गया है तथा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment