बलरामपुर-रामानुजगंज। करमा महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले के विकास को गति देने के लिए 71 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत के 694 कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें 54 करोड़ 21 लाख रुपये के 672 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास और 17 करोड़ 27 लाख रुपये के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए दूरस्थ अंचलों तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
वाड्रफनगर क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं
वाड्रफनगर विकासखंड के रघुनाथनगर स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने वाड्रफनगर में उप पंजीयक कार्यालय भवन बनाने की घोषणा की। ग्राम पंचायत रघुनाथनगर और बरतीकला में मंगल भवन तथा ग्राम पंचायत महेवा में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की बात कही। प्राकृतिक सौंदर्य के लिए पहचाने जाने वाले रकसगंडा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और वाड्रफनगर के अधूरे नगर वन पार्क का काम पूरा कराने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करमा महोत्सव लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। सरकार इन परंपराओं को सहेजने के साथ जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
📌 यह भी पढ़ें: जशपुर में 11 करोड़ रुपये से बन रहा 500 सीटर नालंदा परिसर
सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े काम
भूमिपूजन और लोकार्पण किए गए प्रमुख कार्यों में भगवानपुर से मेंढ़ारी तथा डिण्डो-विमलापुर-नावाडीह सड़क निर्माण, सात नल-जल योजनाएं, रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस यूनिट, 12 आंगनबाड़ी भवन, राजपुर में एसडीएम कार्यालय भवन और चान्दो में तहसील कार्यालय भवन शामिल हैं। इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क, पेयजल, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं के विस्तार की उम्मीद है।
कम धान बेचने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने की बात दोहराते हुए उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचा है, उन्हें भी पूरी सहायता राशि मिलेगी।
📌 यह भी पढ़ें: कम उत्पादन वाले किसानों को अतिरिक्त आदान सहायता से उम्मीद
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को सरकार के कामकाज का आधार बताया।
📌 यह भी पढ़ें: चम्पा में नया धान खरीदी केंद्र शुरू
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।
बलरामपुर-रामानुजगंज और पूरे छत्तीसगढ़ की विकास योजनाओं व जनहित की खबरों के लिए संवाद छत्तीसगढ़ पढ़ते रहें। https://samvadchhattisgarh.com/