जशपुर, 22 जनवरी 2026 —नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना नारायणपुर क्षेत्र में पुलिस ने क्रेटा कार से तस्करी कर ले जाया जा रहा 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 55 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में नशे के सौदागरों के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार में अवैध मादक पदार्थ गांजा छुपाकर कुनकुरी की ओर से नारायणपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा एसएसपी के निर्देश पर थाना नारायणपुर एवं थाना बगीचा की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा ग्राम रानीकोंबो के मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार क्रमांक UP-32-HF-0299 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट के नीचे तथा डिक्की में कारपेट के नीचे छुपाकर रखे गए पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे कुल 180 पैकेट अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे का कुल वजन 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मौके से गांजा, तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार तथा आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम शान मोहम्मद उर्फ सानू उम्र 22 वर्ष निवासी जगदीशपुर, मानपुरलाल, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) एवं सुहैल अहमद उम्र 19 वर्ष निवासी सरौरकला, कमलापुर, थाना सीतापुर, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) बताया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उक्त गांजा उड़ीसा के मलकानगिरी से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। आरोपियों की निशानदेही पर लखनऊ में एक अन्य तस्कर को भी चिन्हित किया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणपुर में नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने एवं अपराध स्वीकार करने पर दोनों तस्करों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अमरबेल मिंज, अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज तथा आरक्षक अविनाश सोनी एवं कुलदीप खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि नारायणपुर क्षेत्र में गांजा तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल किया गया है। जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है और इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन आघात आगे भी लगातार जारी रहेगा।




















