मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कांसाबेल दौरा प्रस्तावित, प्रशासन ने तेज की तैयारियाँ ,कलेक्टर-एसएसपी ने किया स्थल निरीक्षण

जशपुरनगर, 22 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आगामी दिनों में जशपुर जिले के कांसाबेल प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र में आयोजित विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने कार्यक्रम स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

एसएसपी श्री शशिमोहन सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए। कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान कांसाबेल तहसीलदार श्रीमती आस्था चंद्राकर, जनपद पंचायत सीईओ श्री संदीप कुमार मरावी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय से कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

क्षेत्र में उत्साह का माहौल

मुख्यमंत्री के कांसाबेल आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। स्थानीय नागरिक मुख्यमंत्री से सीधे संवाद एवं कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता को लेकर उत्सुक नजर आ रहे हैं। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली जाएँ, ताकि मुख्यमंत्री का प्रवास सफल एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment