जशपुर, 02 फरवरी 2026/ केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट को लेकर जिले में सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने इसे जनहित और समावेशी दृष्टिकोण से तैयार बजट बताया है, जिसमें स्वास्थ्य, मध्यम वर्ग और रोजगार सृजन जैसे अहम क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है।
कुनकुरी नगर निवासी श्री राजकुमार गुप्ता ने कहा कि बजट में कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों सहित कुल 17 आवश्यक दवाइयों पर कर में छूट देना आम जनता के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने ग्रीन कॉरिडोर के प्रावधान को भी सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित होगी। श्री गुप्ता ने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में स्थानीय नागरिक श्री अमित मिश्रा ने भी केंद्रीय बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह बजट समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि आयकर अधिनियम 2025 के अंतर्गत ₹75,000 तक की कर छूट से मध्यम वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही बजट में युवाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे आने वाले समय में हजारों नए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
श्री मिश्रा ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत इस जनकल्याणकारी बजट को देश के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत पहल बताया और इसके लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद किया।
























