रायगढ़, 7 फरवरी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में दिनांक 06 फरवरी 2026 को जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में संचालित बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की सघन जांच हेतु व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्थित बैंकों का भ्रमण कर सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच करने तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के पालन में राजपत्रित अधिकारियों सहित थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने मातहत बल के साथ बैंकों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बैंक परिसरों में अलार्म सिस्टम की उपलब्धता व कार्यशीलता, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना व कवरेज, बैंक गार्ड एवं आर्म्स गार्ड की तैनाती, शस्त्र व लाइसेंस की वैधता, चेस्ट एवं लॉकर व्यवस्था, कैश मूवमेंट के दौरान सुरक्षा उपाय, पार्किंग प्रबंधन, गेट-दरवाजों की सुरक्षा स्थिति तथा अग्निशमन व्यवस्था का गहन परीक्षण किया गया।
इसके अतिरिक्त बैंक प्रबंधकों के पास संबंधित थाना प्रभारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों एवं सुरक्षा गार्डों से चर्चा कर उन्हें सुरक्षा मानकों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक परिसरों के आसपास ठेले एवं दुकानों का संचालन करने वाले व्यक्तियों को भी किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193299 अथवा संबंधित थाना प्रभारी को देने के लिए जागरूक किया गया।
👉 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि—
“जिले की सभी वित्तीय संस्थाओं को पूरी तरह सुरक्षित बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर बैंकों एवं एटीएम की सुरक्षा जांच, बैंक प्रबंधकों के साथ समन्वय बैठक एवं जमीनी स्तर पर सुरक्षा ऑडिट किया जा रहा है। बैंक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।”











