जशपुरनगर, 07 फरवरी 2026/ जिले में मछली पालन को प्रोत्साहित करने तथा मछुआ समितियों और समूहों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से मछली पालन विभाग, जशपुर द्वारा विभिन्न नदियों एवं एनीकट्स में मत्स्य बीज (फिंगरलिंग) का संचयन कराया गया। इस पहल से न केवल स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे, बल्कि आमजन के पोषण स्तर में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
मछली पालन विभाग की इस योजना के अंतर्गत जिले के प्रमुख एनीकट्स— किलकिला एनीकट (विकासखंड पत्थलगांव), मैनी एनीकट (विकासखंड कांसाबेल), डुमरटोली एवं सुरजुला एनीकट (विकासखंड मनोरा), कोकिया (तुमला) एनीकट (विकासखंड फरसाबहार), साहीडांड़ एनीकट (विकासखंड बगीचा) तथा हल्दीमुण्डा एनीकट (विकासखंड कुनकुरी) में मत्स्य बीज का संचयन किया गया।
संचयन कार्यक्रम स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिससे ग्रामीणों में योजना के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ी। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन सहायक संचालक मछली पालन श्री जे.के. पैंकरा के मार्गदर्शन में किया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से मछुआ किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और जिले में मछली उत्पादन को नई गति मिलेगी।