जशपुर: कोल्हेनझरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वाहन स्टैंड निर्माण को लेकर सामने आई शिकायतों पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जशपुर ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में वाहन स्टैंड का निर्माण कार्य अब पूरी तरह से पूर्ण कर लिया गया है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को वाहनों की पार्किंग में सुविधा मिल रही है।
सीएमएचओ के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र परिसर में वाहन स्टैंड का निर्माण पहले अधूरा था। इस संबंध में जीवनदीप समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके बाद शेष कार्य को जीवनदीप मद से पूरा कराया गया।
वाहन स्टैंड बनने के बाद अब स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इससे अस्पताल परिसर में आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गया है और मरीजों को उपचार के लिए आने-जाने में भी राहत मिल रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि वाहन स्टैंड का नियमित उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।




















