जशपुर: जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के गाड़ा कोना घाटी में तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से एक मवेशी (बैल) की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है और उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ढाकन पानी क्षेत्र से गिट्टी लोड कर एक हाइवा शोभा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान गाड़ा कोना घाटी में वाहन की चपेट में आने से एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृत बैल एक पहाड़ी कोरवा परिवार का था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मवेशी की मौत से नाराज ग्रामीणों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नाराजगी जताई और कहा कि घाटी क्षेत्र में लगातार लापरवाही से वाहन चलाए जा रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई और घाटी क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो आंदोलन किया जाएगा।




















