रायगढ़, 15 मार्च।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस द्वारा एक सराहनीय मानवीय पहल करते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ अज्ञात महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव को स्थानीय ग्रामीणों से सूचना प्राप्त हुई कि एक अज्ञात महिला लारीपानी बस स्टैंड के आसपास घूम रही है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। सूचना पर थाना प्रभारी द्वारा मौके पर पहुंचकर महिला के संबंध में जानकारी एकत्र करने का प्रयास किया गया, किंतु महिला अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से बताने की स्थिति में नहीं थी तथा उसके परिजनों का भी पता नहीं चल सका।
महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसके समुचित उपचार के लिए थाना प्रभारी द्वारा पहल की गई। विधिवत प्रक्रिया के तहत अनुविभागीय दंडाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर महिला को उपचार हेतु राज्य मनोरोग अस्पताल, सेन्द्री (जिला बिलासपुर) भेजा गया।
महिला को अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए दो महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई, जिन्होंने महिला के दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री की व्यवस्था करते हुए उसे सेन्द्री स्थित अस्पताल में सुरक्षित भर्ती कराया। रायगढ़ पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश —
जिला पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रही है। जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता करना भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। रायगढ़ पुलिस ऐसे मानवीय कार्यों के लिए सदैव तत्पर है।
—




















