जशपुर: कलेक्टर रोहित व्यास के सख्त निर्देश—आश्रम और छात्रावासों का मासिक निरीक्षण अनिवार्य, भोजन गुणवत्ता-सुरक्षा पर विशेष नजर, लापरवाही पर कार्रवाई तय , हाईवे अधिकारी को नोटिस, अस्पतालों को भी चेतावनी

जशपुर, 31 मार्च 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिले के आश्रमों और छात्रावासों की व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को प्रत्येक माह नियमित निरीक्षण करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बालक और बालिका छात्रावासों के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था, दरवाजे-खिड़कियों की स्थिति तथा शौचालय और किचन की साफ-सफाई का विशेष रूप से आकलन करेंगे। साथ ही यह भी सुनिश्चित करेंगे कि छात्रावास अधीक्षक रात्रि में परिसर में निवास कर रहे हैं या नहीं, इसकी जानकारी भी रिपोर्ट में शामिल की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नेशनल हाईवे के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री घोषणा, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने बंदरचुआं बस स्टैंड, दिव्यांग बच्चों के स्कूल निर्माण, सोनार समाज के मंगल भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी कलेक्टर ने सख्ती दिखाई। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले के सभी निजी अस्पताल प्रत्येक माह की 9 और 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, सोनोग्राफी सहित अन्य महिलाओं की नियमित जांच सुनिश्चित करें। साथ ही अस्पतालों से इस संबंध में प्रमाण पत्र भी लिया जाएगा।

कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी निजी अस्पताल शासन के नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment