जशपुरनगर। जिले में मतदाता सूची से छूटे हुए नागरिकों और नए पात्र युवा मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष पंजीयन अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशों के अनुपालन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पंजीयन से वंचित न रहे।
17 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं पर विशेष ध्यान
अभियान के तहत 17 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं के मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से संपर्क करेंगे। साथ ही, प्रत्येक सप्ताह बुधवार और गुरुवार को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
पात्र युवा एवं अन्य नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ईसीआईनेट मोबाइल ऐप या भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voter.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान का लाभ उठाएं और समय रहते अपना पंजीयन सुनिश्चित करें।
अनुपस्थित मतदाताओं से भी दोबारा संपर्क
विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए मतदाताओं से भी बीएलओ दोबारा संपर्क करेंगे। इसके अलावा जिले के सभी स्कूलों एवं महाविद्यालयों में गठित निर्वाचक साक्षरता क्लबों के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया और अभियान की जानकारी दी जाएगी।
स्कूल-कॉलेजों के साथ समन्वय की व्यवस्था
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्कूल-कॉलेजों के निर्वाचक साक्षरता क्लबों के नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। इसके माध्यम से पात्र युवाओं तक अभियान की जानकारी पहुंचाने और उनके पंजीयन की प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया जाएगा।