जशपुर। भारतीय जनता पार्टी के जशपुर ग्रामीण मण्डल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला उत्साह एवं संगठनात्मक ऊर्जा के साथ सम्पन्न हुई। कार्यशाला में संगठन की मजबूती, विचारधारा, कार्यपद्धति एवं आधुनिक कार्यशैली पर गहन मंथन और मार्गदर्शन हुआ।
जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि भाजपा का संगठन केवल एक राजनीतिक संरचना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि “हमारा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।” उन्होंने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा का सच्चा प्रतिनिधि बनकर समाज में कार्य करे।
पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने अपने प्रभावी उद्बोधन में भारतीय जनता पार्टी के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और विकास यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार जनसंघ के समय से लेकर आज तक पार्टी ने विचार, सिद्धांत और संगठनात्मक अनुशासन के बल पर निरंतर प्रगति की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्रहित में कार्य करता है।” उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को आत्मसात करने का आग्रह करते हुए कहा कि यही विचारधारा भाजपा को अन्य दलों से अलग बनाती है। उन्होंने संगठन विस्तार, बूथ सुदृढ़ीकरण और सतत जनसंपर्क को सफलता का मूल मंत्र बताया।
नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समयबद्धता एवं समन्वय के साथ कार्य करने की सीख दी।
जनपद अध्यक्ष गंगा राम भगत ने बूथ प्रबंधन को संगठन की आधारशिला बताते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
संजीव ओझा ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर मार्गदर्शन देते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों को आत्मसात करने की बात कही।
मंगलनाथ सिंह ने सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखते हुए जनहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
विनोद निकुंज ने सोशल मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए इसे संगठन का प्रभावी माध्यम बताते हुए कार्यकर्ताओं से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में मण्डल अध्यक्ष नेहरू सिंह ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
दो दिवसीय कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में संतोष सिंह, श्रीमती शारदा प्रधान, श्रवण सिंह, मंगलनाथ सिंह, सावित्री सिंह, संजय गुप्ता एवं भजु ने अध्यक्षता की, वहीं कार्यशाला का संचालन राजू सिंह द्वारा किया गया।
उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि कार्यशाला में मुख्य रूप से नपा जशपुर उपाध्यक्ष युवराज यशप्रताप सिंह जूदेव, सुरेश राम भगत, राजकपूर भगत, शरद चौरसिया , मुकेश सोनी, दीपक चौहान, दिलीप सिंह, आशु राय, लक्ष्मण जैसवाल, दर्शन सिंह , नंदकिशोर साय, सुखराम महतो, मनोज सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, रंजीत राम, बलबीर महतो , कृष्णा गुप्ता , राजेश्वर साय, अम्बु राम , अकल साय, अणिमा बाईं, सहित मण्डल के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




















