वेस्ट से बना बेस्ट पार्क: कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने किया निरीक्षण ,कबाड़ से तैयार आकर्षक कलाकृतियों ने खींचा ध्यान

जशपुरनगर  ,कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने गुरुवार को जनपद पंचायत दुलदुला के पास विकसित किए गए वेस्ट पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क में विकसित सुविधाओं का अवलोकन करते हुए परिसर को और अधिक आकर्षक, स्वच्छ एवं हरित बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने विशेष रूप से पार्क में व्यापक पौधरोपण और हरियाली बढ़ाने पर जोर दिया। यह पार्क “वेस्ट टू बेस्ट” की अवधारणा पर विकसित किया गया है, जहां सॉलिड वेस्ट एवं अनुपयोगी सामग्री से सुंदर और उपयोगी कलाकृतियां तैयार की गई हैं। पार्क में पुराने टायर, लोहे के कबाड़ एवं अन्य अनुपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक उपयोग कर आकर्षक संरचनाएं बनाई गई हैं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने अधिकारियों को पार्क में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने तथा आमजन की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचार न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हैं, बल्कि लोगों को स्वच्छता एवं पुनर्चक्रण के प्रति भी जागरूक करते हैं। इस अवसर पर एसडीएम कुनकुरी श्री नंदजी पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

       पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, खिलौने एवं विभिन्न सजावटी संरचनाएं तैयार की गई हैं। पुराने टायरों से झूले बनाए गए हैं, वहीं पुराने लोहे के पार्ट्स से घोड़ा, मयूर, तितली जैसी कलात्मक आकृतियां निर्मित की गई हैं। इन कलाकृतियों ने पार्क को एक अलग पहचान दी है।
इसके साथ ही युवाओं और आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पार्क में ओपन जिम की सुविधा भी विकसित की गई है, जहां लोग व्यायाम कर सकते हैं। पार्क को परिवारों एवं बच्चों के लिए मनोरंजन और स्वास्थ्य गतिविधियों का बेहतर केंद्र बनाने का प्रयास किया गया है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment