जशपुर, 07 मई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत विकासखंड बगीचा के ग्राम पंचायत नन्हेसर में जिला स्तरीय सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं आसपास के गांवों से पहुंचे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। ग्राम नन्हेसर, कवई, कोदोपारा, बीसोढी, हर्राडीपा, सन्ना, बहोरा और चम्पा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने शिविर में अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को दर्ज कराया।

इस अवसर पर जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीणों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी सन्ना मंडल अध्यक्ष आनंद यादव ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और जरूरतमंदों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। श्री यादव ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पंचायत सदस्य गेंदबिहारी सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे शासन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से शिविर का लाभ उठाकर अपनी समस्याएं और मांगें रखने की अपील की।

जनपद पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता ने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान का बेहतर मंच हैं। उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को जागरूक रहने का आग्रह किया।
शिविर के दौरान महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों का ई-केवाईसी, किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन एवं कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। विधायक ने जनप्रतिनिधियों एवं जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य गेंदबिहारी सिंह, सन्ना मंडल अध्यक्ष आनंद यादव, मंडल महामंत्री नसरुल्लाह सिद्दीकी, जनपद सीईओ विनोद सिंह , नन्हेसर सरपंच , सचिव राजेंद्र यादव , मनोज भगत, जनपद सदस्य राकेश गुप्ता, जनपद पंचायत सदस्य कलावती पैकरा, गुड्डू कवई , मनोज भगत कवई, विभिन्न पंचायतों के सरपंच-सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




















