जशपुर: खरीफ 2026 की तैयारियों पर कृषि विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न, बीज-उर्वरक गुणवत्ता पर सख्त निगरानी के निर्देश

जशपुरनगर, 14 मई 2026। आगामी खरीफ विपणन सीजन 2026 की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत जशपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने कृषि विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उप संचालक कृषि, सहायक संचालक कृषि, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि अधिकारी तथा उर्वरक निरीक्षक उपस्थित रहे।

बैठक में खरीफ सीजन हेतु बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों की उपलब्धता, गुणवत्ता, नैनो यूरिया के उपयोग तथा वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त आदान उपलब्ध कराने तथा अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

सीईओ ने खरीफ सीजन प्रारंभ होने से पहले उर्वरक, बीज एवं कीटनाशकों के सैंपल शीघ्र लेने और गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उर्वरक निरीक्षकों को लक्ष्य अनुसार नियमित निरीक्षण एवं सैंपलिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उर्वरक नियंत्रण आदेश, सैंपलिंग प्रक्रिया, गुणवत्ता परीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा सभी निरीक्षकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में खरीफ 2026 के दौरान दलहन, तिलहन, मोटे अनाज एवं अन्य वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा हुई। आरएईओवार उच्च धान रकबा वाले गांवों एवं कृषकों की सूची तैयार करने तथा धान रकबा का मैप बनाने के निर्देश दिए गए। किसानों को जल संरक्षण आधारित खेती के लिए प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया।

विकासखंड कांसाबेल में कम फील्ड कवरेज पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को क्षेत्रीय भ्रमण बढ़ाने और किसानों से सीधा संपर्क मजबूत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 11 हजार रुपये आदान सहायता वितरण, पात्र किसानों के पंजीयन एवं सत्यापन कार्य समय पर पूर्ण करने पर भी बल दिया गया।

इसके अलावा पीएम धन-धान्य कृषि योजना, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, कृषि यांत्रिकीकरण तथा दलहन-तिलहन विस्तार कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment