जशपुर, 14 मई 2026। थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत एक गांव में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसे तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर रायगढ़ जिले से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 10 मई 2026 को थाना कांसाबेल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 मई की रात गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम से लौटने के बाद वह अपने घर में सोने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान आरोपी महिमा प्रकाश मिंज (26 वर्ष) जबरन घर में घुस आया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह पीड़िता आरोपी के चंगुल से छूटकर घर से बाहर निकली और शोर मचाया।
बताया गया कि आरोपी गांव में अपनी बहन और बहनोई के घर आया हुआ था। घटना की जानकारी पीड़िता ने आरोपी के परिजनों को भी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कांसाबेल में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64(1), 115(2) एवं 332(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र स्थित अपने गृह ग्राम में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और जशपुर लाया गया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 13 मई 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामले की कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक अर्जुन बड़ा तथा नगर सैनिक योगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में जशपुर पुलिस गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई कर रही है।