जशपुर, 18 मई 2026। पंड्रापाठ में आयोजित सुशासन शिविर के दौरान क्षेत्र की मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देव संस्कृति विद्या मंदिर चुंदापाठ की छात्राओं ने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे पाठ क्षेत्र के 17 संकुलों का मान बढ़ाया है। कक्षा 5वीं की छात्रा कु. लक्ष्मी यादव ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, वहीं कक्षा 8वीं की कु. शिल्पा यादव ने 97 प्रतिशत अंक अर्जित कर शानदार प्रदर्शन किया। इसी तरह कक्षा 10वीं की छात्रा कु. देवहूती यादव ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

सुशासन शिविर के दौरान विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि बेटियों की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही भविष्य निर्माण का सबसे मजबूत माध्यम है और ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों का इस तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी छात्राओं की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।