जशपुरनगर, 21 मई 2026। समाचार पत्रों में प्रकाशित “सरकारी परिसर में निजी कंपनी के धान बीज को लेकर प्रचार” शीर्षक खबर का कृषि विभाग जशपुर ने खंडन किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोनपारा समिति परिसर में किसी निजी बीज कंपनी द्वारा प्रचार-प्रसार किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
अनुविभागीय कृषि अधिकारी पत्थलगांव एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी फरसाबहार की संयुक्त जांच रिपोर्ट के अनुसार, अनुजा निजी बीज कंपनी द्वारा समिति परिसर कोनपारा में प्रचार संबंधी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई थी। साथ ही समिति प्रबंधक को भी इस प्रकार की किसी गतिविधि की जानकारी नहीं दी गई थी।
उप संचालक कृषि ने बताया कि समाचार में कृषि विभाग द्वारा उन्नत एवं प्रमाणित बीजों के प्रचार-प्रसार नहीं किए जाने का उल्लेख किया गया है, जो तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
कृषक समग्र सुशासन तिहार, जन चौपाल एवं अन्य विभागीय कार्यक्रमों के माध्यम से मैदानी कर्मचारियों और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उन्नत एवं प्रमाणित बीज तथा खाद के उपयोग को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के उपयोग के प्रति जागरूक कर कृषि उत्पादन में वृद्धि करना है।