जशपुर: ‘लैब ऑन व्हील्स’ से अपराध जांच को मिलेगी नई गति,घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच, अत्याधुनिक फॉरेंसिक वैन से मजबूत होगी न्याय प्रक्रिया

जशपुरनगर, 23 मई 2026। छत्तीसगढ़ शासन एवं छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा अपराध जांच को अधिक वैज्ञानिक, सटीक और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जशपुर जिले को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। रक्षित केंद्र जशपुर में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इस फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि राज्य में अपराध जांच प्रणाली को आधुनिक और वैज्ञानिक बनाने के उद्देश्य से स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) रायपुर द्वारा मोबाइल फॉरेंसिक वैन की शुरुआत की गई है। नई आपराधिक कानून व्यवस्था के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) 2023 में वैज्ञानिक जांच को विशेष महत्व दिया गया है। विशेष रूप से सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले अपराधों में फॉरेंसिक टीम की उपस्थिति और वैज्ञानिक साक्ष्य संग्रह अनिवार्य किया गया है।

अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच

‘लैब ऑन व्हील्स’ के रूप में विकसित यह मोबाइल फॉरेंसिक वैन घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच करने में सक्षम है। इससे साक्ष्यों के नष्ट होने या दूषित होने की संभावना कम होगी तथा जांच अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। राज्य सरकार द्वारा लगभग 65 लाख रुपये प्रति यूनिट की लागत से 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई हैं, जिन्हें विभिन्न जिलों में तैनात किया जा रहा है।

अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है वैन

मोबाइल फॉरेंसिक वैन में फिंगरप्रिंट एवं फुटप्रिंट डिटेक्शन किट, डीएनए एवं ब्लड सैंपल कलेक्शन किट, नारकोटिक्स परीक्षण किट, डिजिटल फॉरेंसिक उपकरण, सीसीटीवी एवं मोबाइल डेटा विश्लेषण सुविधा, बैलिस्टिक जांच किट, गन शॉट रेजिड्यू (GSR) जांच किट, हाई-इंटेंसिटी लाइट सोर्स, डीएसएलआर कैमरा, वीडियोग्राफी उपकरण, दस्तावेजीकरण एवं चेन ऑफ कस्टडी सिस्टम सहित साक्ष्य संरक्षण के लिए मिनी रेफ्रिजरेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मजबूत होंगे साक्ष्य, त्वरित होगा न्याय

इस पहल से हत्या, सड़क दुर्घटना, साइबर अपराध, नारकोटिक्स मामलों और अन्य गंभीर अपराधों में घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक साक्ष्य संग्रह और प्रारंभिक विश्लेषण संभव हो सकेगा। इससे अदालतों में मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत करने में सहायता मिलेगी और दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों की मदद से वास्तविक अपराधियों तक पहुंचना आसान होगा तथा निर्दोष लोगों को भी अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह वैन डायल-112 सेवा से जुड़कर त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक जांच को और अधिक प्रभावी बनाएगी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “बेगुनाह पिसे नहीं, गुनहगार बचे नहीं।”

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने इसे न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक जांच से अपराध नियंत्रण और सुशासन की अवधारणा को नई मजबूती मिलेगी।

नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने कहा कि फॉरेंसिक वैन के माध्यम से अपराध स्थलों से साक्ष्यों का सुरक्षित और त्वरित संग्रह संभव होगा, जिससे आरोपियों की पहचान और दोषसिद्धि की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।

सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह ने कहा कि पूर्व में साक्ष्यों को जांच के लिए बाहर भेजना पड़ता था, जिससे समय की देरी और साक्ष्य प्रभावित होने की आशंका रहती थी। अब घटनास्थल पर ही प्रारंभिक जांच से न्याय प्रक्रिया अधिक तेज और सटीक होगी।

फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी श्री सलीम कुजूर ने बताया कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन विज्ञान आधारित जांच और त्वरित न्याय की दिशा में एक मजबूत पहल है। इससे वैज्ञानिक साक्ष्य संग्रह, त्वरित रिपोर्टिंग और सुरक्षित साक्ष्य संरक्षण सुनिश्चित होगा, जिससे अपराध जांच अधिक विश्वसनीय और प्रभावी बन सकेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह पहल जशपुर जिले में वैज्ञानिक जांच प्रणाली को नई दिशा देने के साथ-साथ आम नागरिकों को त्वरित और निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment