जशपुर, 27 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले में किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ उद्यानिकी एवं फल फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम अब जशपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है, जहां नाशपाती की खेती किसानों के लिए आय का महत्वपूर्ण स्रोत बनती जा रही है।
तहसील सन्ना क्षेत्र के आसपास के अनेक किसान नाशपाती की उन्नत खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं। करडीह पंचायत के ग्राम केराकोना निवासी किसान श्री अनिल एक्का ने बताया कि उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन एवं नाबार्ड की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी लगभग 4 से 5 एकड़ निजी भूमि में नाशपाती का बगीचा विकसित किया है।
उन्होंने बताया कि नाबार्ड के सहयोग से खेत में कुआं और मोटर पंप की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे सिंचाई व्यवस्था मजबूत हुई। इसके साथ ही कृषि वैज्ञानिकों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण कर उत्पादन बढ़ाने संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सलाह भी दी जाती है। आधुनिक कृषि तकनीकों और बेहतर प्रबंधन के कारण उनके बगीचे का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है।
श्री एक्का के अनुसार जशपुर की नाशपाती की मांग केवल जिले और प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के बाजारों में भी इसकी अच्छी मांग है। बेहतर उत्पादन और बाजार उपलब्ध होने से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और आवश्यक सुविधाओं के कारण उन्हें खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने का अवसर मिला है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।