रायगढ़, 2 जून 2026। महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में धरमजयगढ़ पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 को एक 29 वर्षीय महिला ने थाना धरमजयगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला ने बताया कि ग्राम तरेकेला निवासी बनेश्वर राठिया (25 वर्ष) ने 25 मई को उसके साथ बलपूर्वक शारीरिक संबंध बनाया। घटना के बाद भय और मानसिक तनाव के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। बाद में अपने पति को घटना की जानकारी देने के पश्चात उसने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 64(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़िता का कथन दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया तथा आरोपी की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान 31 मई 2026 को आरोपी बनेश्वर राठिया को उसके ग्राम तरेकेला स्थित निवास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा तथा पुलिस टीम द्वारा की गई।
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रायगढ़ पुलिस अत्यंत गंभीरता से लेती है और ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना अथवा महिला संबंधी अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।