जशपुरनगर, 02 जून 2026। जिले के ग्राम इचकेला में 28 मई से 1 जून तक आयोजित वुमेन टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का सफल एवं रोमांचक समापन हुआ। महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में पांच टीमों ने भाग लिया ।
फाइनल मुकाबले में रांची की जीडी गोयंका अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महारानी क्रिकेट क्लब जशपुर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 31 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि उपविजेता महारानी क्रिकेट क्लब जशपुर को 15 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रही रायगढ़ जिंदल क्रिकेट अकादमी (जेसीए) को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। फाइनल मैच में प्रिया को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
पूरे टूर्नामेंट में महारानी क्रिकेट क्लब जशपुर की बल्लेबाज आकांक्षा रानी ने अपने शानदार खेल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने जीडी गोयंका अकादमी रांची के खिलाफ 41 गेंदों में 88 रन और स्टार-11 जशपुर के विरुद्ध मात्र 32 गेंदों में 88 रन की विस्फोटक पारी खेली। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने कुल 10 छक्के और 27 चौके लगाए।
वहीं केवल 11 वर्षीय आस्था रानी ने अपनी घातक गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया। एक मुकाबले में उन्होंने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने का दुर्लभ कारनामा किया। उसी मैच में उन्होंने कुल सात विकेट हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में जीडी गोयंका अकादमी रांची, अंबिकापुर क्रिकेट टीम, रायगढ़ जिंदल क्रिकेट अकादमी, महारानी क्रिकेट क्लब जशपुर और स्टार-11 जशपुर की टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने की इस पहल की सराहना की।