रायगढ़: ट्यूबवेल से तांबा वायर चोरी करने वाले तीन चोर और चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 2 जून 2026। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत पुसौर पुलिस ने खेतों में लगे ट्यूबवेलों से तांबा केबल वायर चोरी करने वाले तीन आरोपियों तथा चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तांबा एवं सिल्वर तार, नगदी राशि तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन बैस के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 31 मई को पुसौर निवासी उमेश साव ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके खेत स्थित ट्यूबवेल से लगभग 50 मीटर तांबा केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 13 हजार रुपये है, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिया गया है। शिकायत में क्षेत्र के अन्य किसानों के ट्यूबवेलों से भी इसी प्रकार की चोरियों का उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 152/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेही अमित सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी केदारनाथ सारथी के साथ मिलकर ट्यूबवेल से तांबा केबल वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए वायर को समीर सतनामी के साथ मिलकर जलाया गया ताकि तांबा अलग कर उसे बेच सकें।

आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 5405 तथा नगदी राशि बरामद की। इसके बाद केदारनाथ सारथी और समीर सतनामी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों से भी नगदी रकम बरामद की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम चंद्रपुर पहुंची और दिनेश देवांगन को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी का तांबा एवं सिल्वर तार खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से लगभग 8 किलो तांबा तार एवं 2 किलो सिल्वर तार, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त किया गया। चोरी की संपत्ति खरीदने के आरोप में उसके विरुद्ध भी धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपी

अमित सारथी (24 वर्ष), निवासी सारथी मोहल्ला, पुसौर।

केदारनाथ सारथी (39 वर्ष), निवासी सारथी मोहल्ला, पुसौर।

समीर सतनामी (20 वर्ष), निवासी कोड़ातराई, थाना जूटमिल, रायगढ़।

दिनेश देवांगन (32 वर्ष), निवासी शनि मंदिर के पास, चंद्रपुर, जिला सक्ती।


पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुसौर पुलिस द्वारा क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की चोरी, संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध संबंधी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment