जशपुर, 06 जून 2026। जशपुर पुलिस ने बगीचा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विपुल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में शामिल एक अपचारी बालक के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे पंडरापाठ चौकी क्षेत्र के एक गांव में दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से पीड़िता के घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों नाबालिग बालिका को जबरन अपने साथ ले गए और एक निर्जन स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना बगीचा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो अधिनियम तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी बगीचा दिलीप कोसले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विपुल यादव (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया तथा मामले में शामिल अपचारी बालक को संरक्षण में लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि अपचारी बालक को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।