जशपुर: मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में डिजिटल कार्यप्रणाली देख प्रभावित हुए प्रभारी सचिव अंकित आनंद

जशपुर, 09 जून 2026। जिले के प्रभारी सचिव श्री अंकित आनंद ने सोमवार को दुलदुला विकासखंड के ग्राम चापाटोली स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों, पोषण व्यवस्था तथा केंद्र में संचालित विभिन्न सेवाओं की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्री योगेश भगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी सचिव ने केंद्र में पंजीकृत कुपोषित बच्चों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे गृह भेंट के माध्यम से बच्चों के अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में नियमित रूप से जागरूक करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास के लिए परिवारों की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चों के नियमित टीकाकरण, ग्रोथ मॉनिटरिंग तथा ग्रोथ चार्ट के अद्यतन रख-रखाव की जानकारी ली। साथ ही बच्चों को प्रारंभिक अक्षर ज्ञान और बुनियादी शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की भी समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रैमुनी बाई से मोबाइल आधारित ऑनलाइन कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने देखा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से ऑनलाइन एंट्री कर रही हैं। डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग और कार्यकुशलता को देखकर प्रभारी सचिव ने उनकी सराहना की।

श्री अंकित आनंद ने कहा कि तकनीक के उपयोग से सेवाओं की निगरानी और क्रियान्वयन अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनता है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में डिजिटल कार्यप्रणाली को और मजबूत करने पर जोर दिया।

प्रभारी सचिव ने केंद्र में अध्ययनरत सभी बच्चों का आधार पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा इन्हें गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का केंद्र बनाया जाना चाहिए।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment