जशपुर: सन्ना में महात्मा गांधी प्रतिमा से तोड़फोड़, असामाजिक तत्वों ने चेहरे को पहुंचाया नुकसान , इस हरकत से क्षेत्र में आक्रोश

जशपुर/सन्ना, 25 जून 2026। सन्ना बस स्टैंड परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति अथवा असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा के चेहरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो घटना का खुलासा हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने इसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान बताते हुए दोषियों की शीघ्र पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रतिमा सन्ना बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक एवं व्यस्त स्थल पर स्थापित है, ऐसे में इस प्रकार की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि महापुरुषों की प्रतिमाएं समाज को प्रेरणा देने का कार्य करती हैं और उनके साथ इस तरह की तोड़फोड़ अस्वीकार्य है। लोगों ने प्रशासन से प्रतिमा की मरम्मत कराने तथा सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

घटना की सूचना संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ संभावित साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है। दोषियों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

सन्ना क्षेत्र के लोगों ने घटना की निंदा करते हुए कहा है कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment