नई दिल्ली, 25 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के उन 13 विद्यार्थियों से मुलाकात की, जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के मेहनतकश परिवारों के संघर्ष, सपनों और संकल्प की जीत है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। राजमिस्त्री, किसान और शिक्षक परिवारों से आने वाले इन युवाओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा के प्रथम चरण में सफलता प्राप्त की है। यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए मुख्य परीक्षा के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन और निरंतर परिश्रम को सफलता का मूल मंत्र बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं केवल करियर नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज की सेवा का सशक्त माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है। इससे प्रदेश के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ा लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सबसे मजबूत आधार शिक्षित, जागरूक और सक्षम युवा हैं। राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उल्लेखनीय है कि यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में ट्राइबल यूथ हॉस्टल, द्वारका के 13 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे और सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।