जशपुर सन्ना 01 जुलाई 2026। क्षेत्र में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटना में एक 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार धौरापाठ निवासी चिंतामुनि (28 वर्ष), पति राम, जाति मोची, मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे मक्का बाड़ी में काम कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब होने के बीच उन पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वे मौके पर ही अचेत हो गईं।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में आपातकालीन सेवा के दौरान चिकित्सकों ने जांच के उपरांत महिला को मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में चिकित्सक डॉ. नितीश सोनवानी ने बताया कि बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामान्य रूप से होती रहती हैं। उन्होंने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि बारिश और गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थान या घर के भीतर रहें।
डॉ. सोनवानी ने कहा कि मौसम खराब होने पर सावधानी ही ऐसे हादसों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी नागरिकों से बारिश के दौरान सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।