रायगढ़: 24 घंटे में लूटकांड का खुलासा, दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार

रायगढ़, 01 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस ने ढिमरापुर रोड पर राहगीर से हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक तीन दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था, लेकिन बाहर आते ही उसने फिर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढिमरापुर निवासी त्रिनाथ सामल (31) ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह एक ज्वेलर्स प्रतिष्ठान में सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। 29 जून की देर रात रायपुर से लौटने के बाद वह अपने कमरे की ओर जा रहा था। इसी दौरान ढिमरापुर रोड स्थित आदित्य मोटर्स के पास दो युवकों ने उसे रोककर रुपये की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे 15,200 रुपये लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर उनकी पहचान नीरज टोप्पो और शैलेष मिंज के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रामभाठा मुक्तिधाम के पास से हिरासत में लिया।

पहचान परेड में पीड़ित ने दोनों आरोपियों की पहचान की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि लूट की रकम लेकर वे झारसुगुड़ा घूमने चले गए थे और अधिकांश राशि खर्च कर चुके हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 700 रुपये बरामद किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। नीरज टोप्पो के खिलाफ पहले से चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं, जबकि शैलेष मिंज पर चोरी एवं मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक आरोपी घटना से मात्र तीन दिन पहले ही जेल से रिहा हुआ था।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, पीएसआई प्रिया साहू, एएसआई कोसो सिंह, आरक्षक उत्तम सारथी एवं आरक्षक कोमल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस लूट, चोरी और सड़क अपराधों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment