जशपुर, 01 जुलाई 2026। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव थाना क्षेत्र में एक आरोपी को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी एवं देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27 लीटर 300 मिलीलीटर शराब तथा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MU 1427 जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 16 हजार 440 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 जून 2026 की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में शराब लेकर ग्राम पालीडीह की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पत्थलगांव पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और ग्राम पालीडीह के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा (54 वर्ष), निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखी बोरी और झोले से विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी एवं देसी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की की 750 मिलीलीटर की 2 बोतल, सिंबा कंपनी की 650 मिलीलीटर की 12 बीयर बोतल, मुडोफ व्हिस्की के 25 पौवा, गोल्डन गोवा व्हिस्की के 60 पौवा तथा देसी प्लेन मदिरा के 15 पौवा शामिल हैं। कुल 114 नग शराब की मात्रा 27 लीटर 300 मिलीलीटर पाई गई।
आरोपी शराब परिवहन और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस जांच और पूछताछ में अपराध स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, आरक्षक राजेंद्र रात्रे तथा विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि अवैध शराब कारोबारियों और नशे के सौदागरों के खिलाफ जशपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।