रायपुर, 02 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने और “सहकार से समृद्धि” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 3 एवं 4 जुलाई को राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन एवं सहकार संकल्प दौड़ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सहकारिता विभाग एवं छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
दो दिवसीय इस आयोजन में प्रदेशभर से सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, किसान, जनप्रतिनिधि, विशेषज्ञ और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाना, किसानों को सशक्त करना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान करना है।
सहकारिता सप्ताह के तहत 3 जुलाई को सुबह 6 बजे रायपुर के मरीन ड्राइव, तेलीबांधा में सहकार संकल्प दौड़ आयोजित की जाएगी। इस दौड़ के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सहकारिता के महत्व और उसके संदेश को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं 3 और 4 जुलाई को सुबह 11 बजे से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन में सहकारी नीतियों, कृषि विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, किसानों के हितों तथा सहकारी संस्थाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन में अपेक्स बैंक, राज्य सहकारी संघ, मार्कफेड, लघु वनोपज सहकारी संघ, हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ, अन्त्यावसायी वित्त एवं विकास निगम सहित विभिन्न जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के अध्यक्ष, सहकारिता विशेषज्ञ और जनप्रतिनिधि अपनी सहभागिता देंगे।
सहकारिता विभाग एवं अपेक्स बैंक ने प्रदेश के किसानों, युवाओं, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। यह आयोजन सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास, किसान सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को नई मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।