जशपुर: बेटियों की सुरक्षा का कवच बना एचपीवी टीका, 31 अगस्त तक लगेगा 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को मुफ्त वैक्सीनेशन

जशपुर, 05 जुलाई 2026। जिले की किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 31 अगस्त 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला चिकित्सालय में पात्र किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियां टीकाकरण के लिए पात्र हैं। अर्थात वे बालिकाएं जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, उन्हें यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा फोटो पहचान पत्र मान्य होंगे।

स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल सहित जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में टीकाकरण की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं, ताकि पात्र बालिकाओं को आसानी से इस सुविधा का लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने अभिभावकों से की विशेष अपील

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। एचपीवी वैक्सीन भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, इसलिए सभी पात्र किशोरियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि समय पर लगाया गया यह टीका बेटियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान कर उनके स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने अभिभावकों से इस जनस्वास्थ्य अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

गंभीर कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है एचपीवी वैक्सीन

सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 फरवरी 2026 को किया गया था। यह वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय मानी जाती है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में इस गंभीर बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन न केवल सर्वाइकल कैंसर बल्कि गुदा, गले एवं अन्य प्रकार के कैंसर तथा जननांग मस्सों के लिए जिम्मेदार ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण से भी सुरक्षा प्रदान करती है। यह वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित सुरक्षित टीका है, जो किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और महिलाओं के स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के दौरान व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं, ताकि जिले की अधिक से अधिक पात्र किशोरियां इस निःशुल्क टीकाकरण सुविधा का लाभ उठाकर गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रह सकें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment